बीएससी फाइनल ईयर में कांगड़ा की रुचिका ने किया टॉप, 28 दिन में रिजल्ट जारी कर एचपीयू ने बनाया रिकॉर्ड

11 जून : हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) ने बीएससी तृतीय वर्ष (नियमित) परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया है। इस बार कांगड़ा की रुचिका ने प्रदेशभर में प्रथम स्थान हासिल कर टॉपर बनने का गौरव प्राप्त किया है। विश्वविद्यालय ने परीक्षा समाप्त होने के मात्र 28 दिनों के भीतर परिणाम जारी कर नया रिकॉर्ड भी बनाया है।

बीएससी अंतिम वर्ष की परीक्षाएं 12 मई को समाप्त हुई थीं और विश्वविद्यालय ने 10 जून को परिणाम घोषित कर दिया। परीक्षा में कुल 3,133 विद्यार्थियों ने भाग लिया था, जिनमें से 2,442 विद्यार्थी सफल रहे। कुल उत्तीर्ण प्रतिशत 89.69 फीसदी दर्ज किया गया।

मेरिट सूची में शिमला की पायल मेहता दूसरे स्थान पर रहीं, जबकि बिलासपुर की शगुन ने तीसरा स्थान हासिल किया। चौथे स्थान पर कांगड़ा की अनामिका शर्मा और पांचवें स्थान पर कांगड़ा की शामली ठाकुर रहीं। छठे स्थान पर चिराग रहे। नीतिका और मनीषा भंडारी ने संयुक्त रूप से सातवां स्थान प्राप्त किया। कांगड़ा की शिल्पा आठवें, तनीषा चौधरी नौवें तथा कांगड़ा के अनिकेत राणा दसवें स्थान पर रहे।

परीक्षा नियंत्रक प्रो. श्याम लाल कौशल ने बताया कि विश्वविद्यालय ने समयबद्ध तरीके से मूल्यांकन प्रक्रिया पूरी कर परिणाम घोषित किया है। उन्होंने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *