मंडी में प्रवासी मजदूर की हार्ट अटैक से मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

11 जून: मंडी जिले के पधर उपमंडल के कुन्नू बाजार में एक प्रवासी मजदूर की अचानक हार्ट अटैक से मौत हो जाने से क्षेत्र में शोक का माहौल है। मृतक की पहचान 55 वर्षीय राज कुमार के रूप में हुई है, जो पिछले कई वर्षों से अपने परिवार के साथ क्षेत्र में रह रहे थे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह राज कुमार की अचानक तबीयत बिगड़ गई और उन्हें सीने में तेज दर्द की शिकायत हुई। परिजन और स्थानीय लोग उन्हें तुरंत नागरिक अस्पताल पधर लेकर पहुंचे, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मृत्यु हो चुकी थी। चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

बताया जा रहा है कि राज कुमार ने हिमाचली मूल की महिला से विवाह किया था और वह कुन्नू बाजार में किराए के मकान में परिवार सहित रह रहे थे। घटना के बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव का पोस्टमार्टम जोनल अस्पताल मंडी में करवाया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया, जहां कुन्नू मोक्षधाम में उनका अंतिम संस्कार किया गया।

राज कुमार अपने पीछे पत्नी और एक बेटी को छोड़ गए हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए स्थानीय पंचायत समिति सदस्य रूप लाल ठाकुर ने प्रशासन और सरकार से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि परिवार पूरी तरह मृतक की आय पर निर्भर था और इस घटना से उनके सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।

पधर पुलिस ने मामले में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *