कसोल के जंगल में रेव पार्टी पर पुलिस की रेड, नशीले पदार्थों के साथ 2 युवक गिरफ्तार

11 जून : कुल्लू जिले की मणिकर्ण घाटी में पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कसोल के जंगल क्षेत्र में आयोजित एक रेव पार्टी पर देर रात छापा मारा। कार्रवाई के दौरान नशीले पदार्थ बरामद होने पर केरल और पंजाब के दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के अनुसार कार्यक्रम के आयोजन के लिए सामान्य प्रशासनिक अनुमति ली गई थी, लेकिन जांच के दौरान कुछ व्यक्तियों के पास से प्रतिबंधित नशीले पदार्थ बरामद हुए। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राहुल सांई (33), निवासी एर्नाकुलम, केरल तथा चिराग भाटिया, निवासी खरड़, जिला एसएएस नगर (पंजाब) के रूप में हुई है।

तलाशी के दौरान राहुल सांई के कब्जे से 0.96 ग्राम कोकीन बरामद की गई। वहीं चिराग भाटिया के पास से दो एक्स्टेसी गोलियां, एलएसडी पेपर स्ट्रिप, 1.31 ग्राम कोकीन और 2.7 ग्राम चरस बरामद होने का दावा पुलिस ने किया है।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मणिकर्ण थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत अलग-अलग मामले दर्ज कर लिए हैं। मामले की जांच जारी है और नशीले पदार्थों के स्रोत तथा सप्लाई नेटवर्क का पता लगाने के लिए आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।

कुल्लू के पुलिस अधीक्षक मदन लाल कौशल ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए कहा कि नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *