11 जून : भारत और अफगानिस्तान के बीच होने वाली एकदिवसीय श्रृंखला के पहले मुकाबले को लेकर धर्मशाला में तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले जाने वाले इस मैच के लिए दोनों देशों की टीमें गुरुवार को धर्मशाला पहुंचेंगी। खिलाड़ियों, सहयोगी स्टाफ और टीम प्रबंधन के विशेष विमान से पहुंचने की संभावना है।
टीमों के आगमन को देखते हुए जिला प्रशासन, पुलिस और हिमाचल प्रदेश क्रिकेट संघ (एचपीसीए) ने सभी आवश्यक इंतजाम पूरे कर लिए हैं। खिलाड़ियों के ठहरने, अभ्यास सत्र और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष प्रबंध किए गए हैं। धर्मशाला पहुंचने के बाद दोनों टीमें अगले दिन से अभ्यास शुरू करेंगी।
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में पिच और मैदान को अंतिम रूप दिया जा रहा है। मैच को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में उत्साह का माहौल है और टिकटों की मांग भी लगातार बनी हुई है। एचपीसीए ने इस बार भी ऑनलाइन ई-टिकट व्यवस्था लागू की है, जिसके तहत दर्शक डिजिटल माध्यम से टिकट खरीद सकते हैं।
हालांकि स्थानीय क्रिकेट प्रेमियों को ऑफलाइन टिकट काउंटर की सुविधा नहीं मिलने से निराशा भी है। इस बार भी टिकट बिक्री के लिए कोई ऑफलाइन काउंटर नहीं खोला गया है, जिससे कई स्थानीय दर्शकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
एचपीसीए के सह-सचिव विशाल शर्मा ने बताया कि मैच के सफल आयोजन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं और दोनों टीमें गुरुवार को धर्मशाला पहुंच जाएंगी।