11 जून : बैजनाथ उपमंडल के चौबीन क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। युवक का शव घर के एक कमरे में मिला, जिसके बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस ने मौके से एक हस्तलिखित नोट बरामद किया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान शुभकरण पुत्र रघुबीर सिंह निवासी चौबीन के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने मौके से एक दुपट्टा, मफलर और हस्तलिखित नोट कब्जे में लिया है।
प्रारंभिक जांच के दौरान कुछ व्यक्तिगत कारणों को घटना से जोड़कर देखा जा रहा है, हालांकि पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। परिजनों ने भी फिलहाल किसी प्रकार का संदेह व्यक्त नहीं किया है।
शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल बैजनाथ भेज दिया गया है। पुलिस ने बीएनएसएस की धारा 194 के तहत कार्रवाई अमल में लाते हुए जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही घटना के कारणों को लेकर स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।