10 जून : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत के इतिहास में लगातार सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री रहने का नया रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। 26 मई 2014 को पहली बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने वाले मोदी ने लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में 4399 दिनों का कार्यकाल पूरा कर लिया है। इसके साथ ही उन्होंने देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के 4398 दिनों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है।
जवाहरलाल नेहरू 13 मई 1952 से 27 मई 1964 तक निर्वाचित प्रधानमंत्री रहे थे। हालांकि वे 15 अगस्त 1947 को स्वतंत्र भारत के पहले प्रधानमंत्री बने थे, लेकिन उस समय वे अंतरिम सरकार का नेतृत्व कर रहे थे और निर्वाचित प्रधानमंत्री नहीं थे।
इससे पहले नरेंद्र मोदी पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के लगातार 4077 दिनों के कार्यकाल का रिकॉर्ड भी पीछे छोड़ चुके हैं। इंदिरा गांधी 24 जनवरी 1966 से 24 मार्च 1977 तक लगातार प्रधानमंत्री रहीं थीं।
प्रधानमंत्री मोदी मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में 9000 से अधिक दिनों तक सार्वजनिक जीवन में निर्वाचित पदों पर कार्य कर चुके हैं। उन्होंने 9 जून 2024 को लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी।
सूत्रों के अनुसार राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों की बैठक में प्रधानमंत्री मोदी को इस उपलब्धि पर बधाई दी जाएगी। इस अवसर पर एक प्रस्ताव पारित किए जाने की भी संभावना है।