10 जून: उत्तराखंड के मसूरी में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार पर्यटकों की मौत हो गई। देहरादून-मसूरी मार्ग पर झड़ीपानी रोड क्षेत्र में एक कार अनियंत्रित होकर करीब 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ, फायर सर्विस और एम्बुलेंस की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।
पुलिस के अनुसार कार में दो पुरुष और दो महिलाएं सवार थीं, जिनकी हादसे में मौत हो गई। मृतकों की पहचान हरियाणा के सोनीपत, उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद और दिल्ली के निवासियों के रूप में हुई है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तीव्र ढलान पर कार के ब्रेक फेल होने के कारण वाहन अनियंत्रित हो गया और सड़क से नीचे खाई में जा गिरा। बताया जा रहा है कि हादसे से पहले कार सवार लोग एक दुकान से सामान खरीदकर लौटे थे। जैसे ही वे वाहन में बैठे, कार तेजी से ढलान की ओर बढ़ी और गहरी खाई में समा गई।
घटना की सूचना पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी की। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को हादसे की जानकारी दे दी है।