10 जून: बैंकिंग सेक्टर में नौकरी की तलाश कर रहे लोगों के लिए State Bank of India (एसबीआई) ने 821 पदों पर भर्ती निकाली है। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार 11 जून तक आवेदन कर सकते हैं। इस भर्ती अभियान के तहत कन्करेंट ऑडिटर के पद भरे जाएंगे। उम्मीदवारों का चयन बिना लिखित परीक्षा के सीधे इंटरव्यू के माध्यम से किया जाएगा।
हालांकि, इन पदों के लिए केवल एसबीआई के सेवानिवृत्त अधिकारियों को ही पात्र माना गया है। आवेदन करने वाले उम्मीदवार एसबीआई की सेवा में 60 वर्ष की आयु पूरी करने के बाद रिटायर हुए हों। साथ ही उनका रिटायरमेंट एमएमजीएस-3, एसएमजीएस-4, एसएमजीएस-5 या टीईजीएस-6 पे-स्केल के तहत हुआ होना चाहिए।
फ्रेश नियुक्ति के लिए अधिकतम आयु सीमा 63 वर्ष निर्धारित की गई है, जबकि चयनित अधिकारी 65 वर्ष की आयु तक इस पद पर कार्य कर सकेंगे। ऑडिट, क्रेडिट या फॉरेक्स यूनिट्स में अनुभव रखने वाले सेवानिवृत्त अधिकारियों को प्राथमिकता दी जाएगी।
चयनित उम्मीदवारों को उनके रिटायरमेंट ग्रेड के अनुसार मासिक मानदेय दिया जाएगा। एमएमजीएस-3 ग्रेड के लिए 45 हजार रुपये, एसएमजीएस-4 के लिए 50 हजार रुपये, एसएमजीएस-5 के लिए 65 हजार रुपये और टीईजीएस-6 ग्रेड के लिए 80 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय निर्धारित किया गया है।