10 जून : उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने मंगलवार को हरोली विधानसभा क्षेत्र में चल रही विकास परियोजनाओं का निरीक्षण किया और निर्माणाधीन हरोली कॉलेज भवन की प्रगति का जायजा लिया। करीब 12.70 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे कॉलेज भवन का दौरा करते हुए उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता और गति की समीक्षा की तथा अधिकारियों को निर्धारित समय में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि कॉलेज परिसर को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जा रहा है। इसी शैक्षणिक सत्र से पीजीडीसीए और बीएससी कंप्यूटर साइंस की कक्षाएं शुरू की जाएंगी। इसके अलावा बॉटनी, केमिस्ट्री, फिजिक्स और जूलॉजी विषयों के लिए अत्याधुनिक मॉड्यूलर साइंस लैब स्थापित करने को भी मंजूरी दी गई है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि इन सुविधाओं से विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण, आधुनिक और रोजगारोन्मुखी शिक्षा प्राप्त होगी। वर्तमान में कॉलेज में बीए, बीकॉम, बीसीए, बीबीए, बीएससी (मेडिकल एवं नॉन-मेडिकल), एमकॉम तथा राजनीति शास्त्र, अंग्रेज़ी, इतिहास और हिंदी विषयों में एमए की पढ़ाई करवाई जा रही है।
कॉलेज परिसर में आधुनिक स्टेज, ओपन जिम, वॉलीबॉल और बैडमिंटन कोर्ट का निर्माण भी किया जा रहा है। इन सुविधाओं से विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ खेल और अन्य गतिविधियों में भी बेहतर अवसर मिलेंगे।