10 जून : प्रदेश के 60 वर्ष और उससे अधिक आयु के पत्रकारों को पेंशन देने की दिशा में सरकार बड़ी पहल कर सकती है। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने मंगलवार को शिमला में आयोजित मीडिया वैलबीइंग एसोसिएशन के समारोह में कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू वरिष्ठ पत्रकारों को पेंशन देने के प्रस्ताव से सहमत हैं और इस संबंध में जल्द घोषणा की जा सकती है।
शिमला के होलीडे होम में आयोजित मीडिया वैलबीइंग एसोसिएशन के एक्सीडेंटल इंश्योरेंस पॉलिसी लॉन्च एवं वितरण समारोह में शिक्षा मंत्री मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान प्रदेशभर से आए पत्रकारों को 10-10 लाख रुपये की नि:शुल्क दुर्घटना बीमा पॉलिसियां वितरित की गईं। वहीं वरिष्ठ पत्रकार डॉ. अश्विनी शर्मा, डॉ. शशि भूषण, अर्चना फुल, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के सिंपल सकलानी, समाजसेवी गुरमीत सिंह अरोड़ा तथा बिमला ठाकुर को सम्मानित किया गया।
मीडिया वैलबीइंग एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर धरणी ने बताया कि संगठन पत्रकारों को टर्म इंश्योरेंस, दुर्घटना बीमा, हेल्थ पॉलिसी और परिवारों के लिए कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य कर रहा है। इस अवसर पर नोफल एक उम्मीद संस्था के अध्यक्ष गुरमीत सिंह अरोड़ा ने जरूरतमंद पत्रकार परिवारों को नि:शुल्क एंबुलेंस सेवा और पीजीआई चंडीगढ़ में चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने की घोषणा की।
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि लगभग 9,000 शिक्षकों की स्क्रीनिंग प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और उनकी नियुक्ति के लिए उपमुख्यमंत्री की अध्यक्षता में एक कमेटी गठित की गई है। जल्द बैठक कर इस मामले का समाधान निकाला जाएगा। राज्य चयन आयोग के माध्यम से चयनित शिक्षकों की नियुक्ति प्रक्रिया भी शीघ्र पूरी की जाएगी। सूत्रों के अनुसार, सीबीएसई शिक्षकों की नियुक्ति को लेकर नियमों में बदलाव पर भी विचार किया जा सकता है।