10 जून : जिला कुल्लू के कशावरी क्षेत्र में एक 14 वर्षीय छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। छात्रा का शव नांडा पूजू जंगल में एक देवदार के पेड़ से लटका हुआ मिलने के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतका की पहचान मुस्कान (14) पुत्री अमरनाथ, निवासी देऊगरा, डाकघर भ्रैण, जिला कुल्लू के रूप में हुई है। वह राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला छमाहण में नौवीं कक्षा की छात्रा थी।
जानकारी के अनुसार मुस्कान मंगलवार सुबह करीब 8:30 बजे अपनी सहेलियों के साथ स्कूल के लिए निकली थी। रास्ते में नांडा पूजू जंगल के पास उसने सहेलियों से कुछ देर रुकने की बात कही, जिसके बाद उसकी सहेलियां आगे बढ़ गईं। काफी समय तक उसके वापस न आने पर सहेलियां उसे देखने लौटीं, जहां उन्होंने उसे पेड़ से लटका हुआ पाया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाया तथा बाद में परिजनों को सौंप दिया।
एसपी कुल्लू मदन लाल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि छात्रा की मौत के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है। जांच पूरी होने और रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है और स्थानीय लोग भी इस मामले से स्तब्ध हैं।