10 जून: केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री और राज्यसभा में सदन के नेता जगत प्रकाश नड्डा 12 और 13 जून को दो दिवसीय शिमला दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर समाज के विभिन्न वर्गों से संवाद करेंगे।
जानकारी के अनुसार 13 जून को शिमला स्थित होटल होलीडे होम में नड्डा मीडिया से भी बातचीत करेंगे। उनके दौरे का विस्तृत कार्यक्रम अभी अंतिम रूप दिया जा रहा है।
वहीं, भाजपा के प्रदेश महामंत्री संजीव कटवाल ने कहा कि 10 जून भारतीय लोकतंत्र के इतिहास में एक महत्वपूर्ण दिन है। उन्होंने कहा कि इस दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के इतिहास में सबसे लंबे समय तक लगातार सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने का गौरव हासिल करेंगे। यह उपलब्धि जनता के उनके नेतृत्व, नीतियों और राष्ट्र निर्माण के प्रति विश्वास का प्रतीक है।
कटवाल ने बताया कि केंद्र में मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में प्रदेशभर में 200 से अधिक स्थानों पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सभी विधानसभा क्षेत्रों, मंडलों और शक्ति केंद्रों में पूजा-अर्चना, हवन, प्रार्थना सभाएं, आरती और महाआरती का आयोजन होगा। इन कार्यक्रमों में भाजपा कार्यकर्ता, पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में समर्थक भाग लेकर प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और राष्ट्रसेवा के संकल्प की सफलता के लिए प्रार्थना करेंगे।
उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन, गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण, किसान हित, युवा सशक्तिकरण और राष्ट्रीय सुरक्षा के क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं।