10 जून : रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। उपरोजगार कार्यालय इंदौरा के माध्यम से निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इसी कड़ी में सिस इंडिया लिमिटेड, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के कुल 180 पदों को भरा जाएगा। इन पदों के लिए 16 जून 2026 को उपरोजगार कार्यालय इंदौरा में साक्षात्कार आयोजित किए जाएंगे।
क्षेत्रीय रोजगार अधिकारी अक्षय कुमार ने बताया कि इन पदों के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता दसवीं पास निर्धारित की गई है। अभ्यर्थियों की आयु 19 से 40 वर्ष के बीच होनी चाहिए। चयनित उम्मीदवारों को पद और योग्यता के अनुसार 18 हजार से 24 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि साक्षात्कार में भाग लेने वाले अभ्यर्थियों को दो पासपोर्ट साइज फोटो, रिहायशी प्रमाण पत्र, सभी मूल शैक्षणिक प्रमाण पत्र, बायोडाटा की प्रति तथा अनुभव प्रमाण पत्र (यदि हो) अपने साथ लाना अनिवार्य होगा। सभी इच्छुक अभ्यर्थियों को सुबह 11 बजे साक्षात्कार स्थल पर उपस्थित होना होगा।
क्षेत्रीय रोजगार अधिकारी ने स्पष्ट किया कि साक्षात्कार में शामिल होने से पहले अभ्यर्थियों को विभागीय वेबसाइट https://eemis.hp.nic.in� पर अपनी ई-मेल आईडी या मोबाइल नंबर के माध्यम से ऑनलाइन पंजीकरण करना अनिवार्य है। बिना ऑनलाइन आवेदन के किसी भी उम्मीदवार को साक्षात्कार में शामिल होने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि भर्ती प्रक्रिया से संबंधित विस्तृत जानकारी विभागीय वेबसाइट पर उपलब्ध है। अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी मोबाइल नंबर 85580-62252 पर संपर्क कर सकते हैं।
रोजगार विभाग ने क्षेत्र के योग्य और इच्छुक युवाओं से इस अवसर का लाभ उठाने और निर्धारित तिथि पर साक्षात्कार में भाग लेने की अपील की है।