10 जून : निर्माण कार्य के चलते रजोल-धनोटु लिंक रोड को आगामी 16 जून से 30 जून तक सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही के लिए बंद रखा जाएगा। इस संबंध में उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा ने मोटर वाहन अधिनियम, 1988 के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए अधिसूचना जारी की है।
जारी आदेशों के अनुसार, सड़क पर चल रहे निर्माण कार्य को सुरक्षित एवं सुचारू रूप से पूरा करने के लिए रजोल से धनोटु लिंक रोड 16 जून से 30 जून 2026 तक पूर्ण रूप से यातायात के लिए बंद रहेगा। इस अवधि के दौरान किसी भी प्रकार के वाहन को उक्त मार्ग से गुजरने की अनुमति नहीं होगी।
प्रशासन ने लोगों से सहयोग की अपील करते हुए वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की सलाह दी है। बंद अवधि के दौरान वाहन चालक राष्ट्रीय राजमार्ग-154 तथा चंबी-धर्मशाला मार्ग का उपयोग कर अपने गंतव्य तक पहुंच सकते हैं।
उपायुक्त हेमराज बैरवा ने कहा कि सड़क निर्माण कार्य पूरा होने के बाद क्षेत्र के लोगों को बेहतर और सुरक्षित यातायात सुविधा उपलब्ध होगी। उन्होंने आम जनता से असुविधा के लिए सहयोग और धैर्य बनाए रखने का आग्रह किया है।