दिल्ली में तेज रफ्तार बस का कहर: सड़क पार कर रहे एक ही परिवार के 4 लोग घायल, चालक गिरफ्तार

8 जून : राजधानी दिल्ली के पश्चिम विहार इलाके में रविवार शाम एक तेज रफ्तार क्लस्टर बस ने सड़क पार कर रहे एक ही परिवार के चार लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में एक महिला समेत चार लोग घायल हो गए, जिनमें दो मासूम बच्चे भी शामिल हैं।

जानकारी के अनुसार यह दुर्घटना रोहतक रोड स्थित मुल्तान नगर के पास हुई। बताया जा रहा है कि परिवार के सदस्य सड़क पार कर रहे थे, तभी तेज गति से आ रही क्लस्टर बस ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सभी घायल सड़क पर गिर पड़े।

घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। बाद में बेहतर उपचार के लिए उन्हें दूसरे अस्पताल रेफर किया गया। घायलों में 50 वर्षीय महिला, परिवार का एक अन्य सदस्य और दो नाबालिग बच्चे शामिल हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए बस चालक को घटनास्थल से ही गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस को भी कब्जे में ले लिया है।

पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण चालक की लापरवाही और तेज रफ्तार माना जा रहा है। मामले में आगे की जांच जारी है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *