ज्वाली में दर्दनाक हादसा: खड्ड में डूबने से 12वीं के छात्र की मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

8 जून : कांगड़ा जिले के ज्वाली क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे में 12वीं कक्षा के छात्र की खड्ड में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान वंश (17) पुत्र सुमेर नाथ निवासी कर्डियाल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वंश अपने दो दोस्तों के साथ गैस सिलेंडर भरवाने के लिए घर से निकला था। गैस एजेंसी में सिलेंडर न भरने पर तीनों दोस्त पास स्थित देहर खड्ड में नहाने चले गए।

नहाने के दौरान वंश अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। दोस्तों द्वारा शोर मचाने पर आसपास मौजूद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद उसे पानी से बाहर निकाला। गंभीर हालत में उसे तुरंत सिविल अस्पताल ज्वाली पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मृतक के साथ मौजूद दोस्तों के बयान दर्ज किए हैं।

एएसपी धर्म चंद वर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।

इस दुखद हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। वंश की असमय मौत से परिवार गहरे सदमे में है और गांव में मातम पसरा हुआ है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *