8 जून: आईसीसी महिला टी-20 विश्व कप से पहले रविवार को लंदन के प्रसिद्ध वॉटरलू ब्रिज पर भव्य उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया। टेम्स नदी के ऊपर हुए ‘कप्तानों के कार्निवल’ में दुनिया की सभी 12 टीमों की कप्तान एक साथ नजर आईं। यह आयोजन महिला क्रिकेट के बढ़ते वैश्विक प्रभाव और लोकप्रियता का प्रतीक बना।
12 जून से इंग्लैंड और वेल्स में शुरू होने वाले इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में खासा उत्साह है। समारोह के दौरान महिला क्रिकेट की वैश्विक पहुंच और विकास को आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया गया।
आईसीसी चेयरमैन जय शाह ने इस अवसर को महिला क्रिकेट के लिए ऐतिहासिक क्षण बताते हुए कहा कि महिला टी-20 विश्व कप की शुरुआत का यह एक शानदार तरीका है। उन्होंने टूर्नामेंट में हिस्सा ले रही सभी 12 टीमों को शुभकामनाएं देते हुए सफल आयोजन की कामना की।