फिलीपींस में 7.8 तीव्रता के भूकंप से तबाही, इमारतें ढहीं, मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका

8 जून: फिलीपींस में सोमवार सुबह आए 7.8 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप ने भारी तबाही मचा दी। तेज झटकों से कई इमारतें क्षतिग्रस्त हो गईं, जबकि कई व्यावसायिक भवन और दुकानें ढह गईं। भूकंप के बाद प्रभावित क्षेत्रों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग जान बचाने के लिए घरों व दफ्तरों से बाहर निकल आए। प्रारंभिक रिपोर्टों के अनुसार अब तक आठ लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई अन्य घायल बताए जा रहे हैं।

अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के अनुसार भूकंप भारतीय समयानुसार सुबह 5:07 बजे आया। इसका केंद्र मिंडानाओ द्वीप के पास जमीन से करीब 35 किलोमीटर की गहराई में स्थित था। भूकंप के प्रभाव से कई इलाकों में बिजली और संचार सेवाएं भी प्रभावित हुईं।

फिलीपींस के ज्वालामुखी एवं भूकंप विज्ञान संस्थान (PHIVOLCS) ने बताया कि मुख्य भूकंप के बाद स्थानीय समयानुसार सुबह 11 बजे तक 138 आफ्टरशॉक दर्ज किए गए। इन झटकों की तीव्रता 1.3 से 6.7 के बीच रही, जिससे लोगों में दहशत बनी रही।

भूकंप के बाद मिंडानाओ द्वीप के छह तटीय क्षेत्रों में सुनामी की लहरें भी दर्ज की गईं। सबसे ऊंची लहर करीब 1.4 मीटर (4.6 फीट) रही। संभावित खतरे को देखते हुए इंडोनेशिया और मलेशिया ने भी सुनामी चेतावनी जारी की, हालांकि स्थिति सामान्य होने पर कुछ घंटों बाद चेतावनी वापस ले ली गई। प्रशासन राहत और बचाव कार्य में जुटा है तथा नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *