8 जून: हिमाचल प्रदेश में राष्ट्रीय जनगणना के अंतर्गत चलाए जा रहे ‘स्व-गणना’ (सेल्फ एन्यूमरेशन) अभियान के तहत नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने अपने आवास पर स्व-गणना की प्रक्रिया पूरी की।
इस अवसर पर जनगणना कार्य निदेशालय, हिमाचल प्रदेश की निदेशक दीप शिखा शर्मा सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान निदेशक ने उपस्थित बीडीसी सदस्यों और अन्य जनप्रतिनिधियों को स्व-गणना पोर्टल की प्रक्रिया तथा इसके महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
मीडिया से बातचीत में बताया गया कि हिमाचल प्रदेश में जनगणना का पहला चरण 16 जून से 15 जुलाई 2026 तक संचालित किया जाएगा। इस चरण के अंतर्गत मकान सूचीकरण और मकानों की गणना का कार्य किया जाएगा। गणनाकार घर-घर जाकर परिवारों और मकानों से संबंधित जानकारी एकत्र करेंगे। इसके लिए आधिकारिक रूप से निर्धारित 33 प्रश्नों के माध्यम से आंकड़े जुटाए जाएंगे।
निदेशक दीप शिखा शर्मा ने प्रदेशवासियों से स्व-गणना अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनगणना से जुड़ी विभिन्न भ्रांतियों को दूर करना आवश्यक है और लोगों को इस प्रक्रिया में सक्रिय सहयोग देना चाहिए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जनगणना के दौरान एकत्र किया जाने वाला समस्त डेटा पूरी तरह सुरक्षित और गोपनीय रखा जाता है। साथ ही उन्होंने बताया कि किसी व्यक्ति की गणना उसी स्थान पर की जाएगी, जहां वह सामान्य रूप से निवास करता है।
अंत में जनगणना निदेशालय ने सभी हिमाचलवासियों से इस राष्ट्रीय महत्व के कार्य में पूर्ण सहयोग देने का आग्रह किया।