महंगाई का असर: घरेलू LPG सिलेंडर 29 रुपये महंगा, दिल्ली में नई कीमत 942 रुपये

7 जून: आम उपभोक्ताओं को एक बार फिर महंगाई का झटका लगा है। तेल विपणन कंपनियों ने घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में 29 रुपये की बढ़ोतरी कर दी है। नई दरें लागू होने के बाद राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत 913 रुपये से बढ़कर 942 रुपये हो गई है।

हालांकि 19 किलोग्राम वाले वाणिज्यिक गैस सिलेंडर की कीमतों में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है। इससे पहले भी मार्च 2026 में घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दामों में 60 रुपये की वृद्धि की गई थी।

उधर, वाणिज्यिक गैस सिलेंडर की कीमतों में भी हाल के महीनों में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की गई है। एक जून को दिल्ली में 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल सिलेंडर की कीमत 42 रुपये बढ़ाकर 3,113.50 रुपये कर दी गई थी। इस वर्ष फरवरी से अब तक इसकी कीमत में कुल 1,373 रुपये की बढ़ोतरी हो चुकी है।

सरकार का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में एलपीजी की कीमतों में तेज उछाल और पश्चिम एशिया में जारी भू-राजनीतिक परिस्थितियों के कारण गैस की आपूर्ति लागत बढ़ी है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार एक घरेलू सिलेंडर की आपूर्ति लागत 1,600 रुपये से अधिक पहुंच चुकी है, जबकि उपभोक्ताओं को यह 942 रुपये में उपलब्ध कराया जा रहा है।

सरकार ने दावा किया है कि भारत में घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतें कई पड़ोसी देशों के साथ-साथ अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया और कनाडा जैसे विकसित देशों की तुलना में भी कम हैं। बताया गया कि फरवरी से जून 2026 के बीच एलपीजी के लिए सऊदी सीपी बेंचमार्क में करीब 46 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है, जिससे गैस आपूर्ति की लागत पर सीधा असर पड़ा है।

कीमतों में हुई इस बढ़ोतरी का असर देशभर के करोड़ों घरेलू उपभोक्ताओं के मासिक बजट पर पड़ने की संभावना है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *