ऊना में खैर की लकड़ी की तस्करी का भंडाफोड़, स्कॉर्पियो समेत 2 आरोपी गिरफ्तार

7 जून : जिले के गगरेट क्षेत्र में वन विभाग ने अवैध लकड़ी तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए खैर की लकड़ी से भरी एक स्कॉर्पियो गाड़ी को पकड़ लिया। इस दौरान दो आरोपियों को हिरासत में लेकर वाहन और लकड़ी को जब्त कर लिया गया है।

जानकारी के अनुसार वन विभाग की टीम रविवार तड़के नियमित गश्त पर थी। इसी दौरान जाड़ला-कोइड़ी क्षेत्र में एक संदिग्ध स्कॉर्पियो वाहन दिखाई दिया। वाहन को रोककर तलाशी लेने पर उसमें खैर की लकड़ी के 7 मौछे बरामद हुए। टीम ने वाहन में सवार व्यक्तियों से लकड़ी के परिवहन संबंधी वैध दस्तावेज और परमिट मांगे, लेकिन वे कोई भी अनुमति पत्र प्रस्तुत नहीं कर सके।

प्राथमिक जांच में लकड़ी के अवैध परिवहन की आशंका के चलते वन विभाग ने तुरंत कार्रवाई करते हुए वाहन और लकड़ी को कब्जे में ले लिया। इसके बाद गगरेट पुलिस को मौके पर बुलाया गया। पुलिस ने वन विभाग की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान महिंद्र सिंह और हरमेश चंद के रूप में हुई है। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि लकड़ी कहां से काटी गई थी और इस अवैध कारोबार में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।

वन विभाग के अधिकारियों ने कहा कि वन संपदा की सुरक्षा के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा और अवैध कटान व तस्करी में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने लोगों से भी अपील की है कि यदि उन्हें कहीं वन संपदा की चोरी, अवैध कटान या संदिग्ध लकड़ी परिवहन की जानकारी मिले तो तुरंत वन विभाग या पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *