6 जून: हमीरपुर जिले के नादौन क्षेत्र में शुक्रवार रात एक गंभीर सड़क हादसा सामने आया। भूंपल के पास सुकराला नाले के निकट दो कारों की टक्कर में एक महिला की मौत हो गई, जबकि तीन बच्चों सहित 10 लोग घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, दिल्ली से आया एक परिवार रिश्तेदारों से मिलने के बाद ज्वालामुखी की ओर जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही दूसरी कार से उनकी गाड़ी की टक्कर हो गई। हादसे में दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए और कई लोग घायल हो गए।
स्थानीय लोगों और एंबुलेंस की सहायता से घायलों को तुरंत नादौन अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल कुछ लोगों को बेहतर उपचार के लिए डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज टांडा रेफर किया गया है। हादसे में घायल एक महिला ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।