जनगणना-2027 की तैयारियां तेज, राजगढ़ में 48 प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को दिया जा रहा प्रशिक्षण

5 जून, रवि दत्त भारद्वाज: राजगढ़ तहसील में जनगणना-2027 की तैयारियों के तहत तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर शुरू हो गया है। शिविर में 48 प्रगणक और पर्यवेक्षक भाग ले रहे हैं, जिन्हें मकान सूचीकरण, आवास गणना और डिजिटल माध्यम से डेटा संग्रहण का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

तहसीलदार एवं जनगणना प्रभारी अधिकारी राजेंद्र शर्मा ने प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ करते हुए कहा कि जनगणना देश के विकास की आधारशिला है। इसके आंकड़े सरकार की विकास योजनाओं, संसाधनों के वितरण और जनकल्याणकारी नीतियों के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को मोबाइल एप के माध्यम से डिजिटल डेटा एंट्री, प्रपत्र भरने की प्रक्रिया तथा फील्ड सर्वेक्षण से जुड़ी आवश्यक जानकारी दी जा रही है। साथ ही जनगणना कार्य से संबंधित तकनीकी पहलुओं को भी विस्तार से समझाया जा रहा है।

जनगणना-2027 के प्रथम चरण में मकानों का सूचीकरण और आवास गणना की जाएगी। इस दौरान प्रत्येक भवन और परिवार से संबंधित लगभग 34 बिंदुओं पर जानकारी एकत्रित की जाएगी। इनमें मकान की स्थिति, उपलब्ध सुविधाएं, आवासीय स्वरूप और अन्य आवश्यक जानकारियां शामिल होंगी।

राजेंद्र शर्मा ने कहा कि जनगणना के आंकड़े शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, सामाजिक कल्याण और अन्य विकास योजनाओं के लिए आधार का कार्य करते हैं। इसलिए सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को इस राष्ट्रीय अभियान में पूरी जिम्मेदारी और निष्ठा के साथ कार्य करना चाहिए।

प्रशासन का लक्ष्य तकनीक आधारित इस जनगणना अभियान को पूरी पारदर्शिता और प्रभावशीलता के साथ सफल बनाना है, ताकि विकास योजनाओं के लिए सटीक और विश्वसनीय आंकड़े उपलब्ध हो सकें।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *