4 जून: धर्मशाला बस स्टैंड के समीप वीरवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। पंजाब रोडवेज की एक बस के अचानक ब्रेक फेल हो जाने से चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और बस सड़क किनारे लगे सुरक्षा बैरियर से जा टकराई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस एक तेज ढलान वाले मोड़ से गुजर रही थी। इसी दौरान उसके ब्रेक ने काम करना बंद कर दिया, जिससे बस अनियंत्रित हो गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए चालक ने बस को संभालने का प्रयास किया, लेकिन अंततः बस सड़क किनारे लगे सेफ्टी बैरियर से टकराकर रुक गई।
गनीमत यह रही कि पैराफिट और सुरक्षा बैरियर ने बस को आगे बढ़ने से रोक लिया। यदि बस बैरियर को पार कर जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था। हादसे के समय बस में यात्री सवार थे, लेकिन किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली कि चालक की सतर्कता और सड़क किनारे लगे सुरक्षा प्रबंधों के कारण एक संभावित बड़ा हादसा टल गया।