3 जून: साइबर अपराधियों ने एक सेवानिवृत्त बैंक कर्मचारी को झांसे में लेकर लाखों रुपए की ठगी को अंजाम दिया है। मामला थाना आना क्षेत्र का है, जहां पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ठण्डोल निवासी सुरेन्द्र मोहन शर्मा, जो पंजाब नेशनल बैंक से सेवानिवृत्त कर्मचारी हैं, के पास शाम के समय एक फोन कॉल आई। कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को दिल्ली बिजली विभाग का कर्मचारी बताया और कहा कि उनका बिजली बिल अपडेट नहीं हो रहा है।
आरोपी ने समस्या के समाधान के नाम पर सुरेन्द्र मोहन शर्मा को कुछ निर्देश दिए और मोबाइल पर कुछ बटन दबाने के लिए कहा। पीड़ित ने बताए गए निर्देशों का पालन किया, जिसके कुछ ही समय बाद उनके बैंक खाते से 8,17,672 रुपए की अनधिकृत निकासी हो गई।
ठगी का पता चलने पर पीड़ित ने तुरंत पुलिस से संपर्क किया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और साइबर ठगों की पहचान व रकम की ट्रैकिंग के लिए जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल पर बैंक, बिजली बिल या अन्य सेवाओं के नाम पर मांगी गई जानकारी साझा न करें और मोबाइल पर बताए गए निर्देशों का बिना पुष्टि के पालन न करें।