चुराह के बलियास में भीषण अग्निकांड, तीन परिवारों का लाखों का सामान राख

2 जून : चंबा जिले के चुराह उपमंडल की ग्राम पंचायत घुलेई के बलियास गांव में सोमवार सुबह एक भीषण अग्निकांड में तीन परिवारों को भारी नुकसान उठाना पड़ा। दोमंजिला संयुक्त मकान में अचानक लगी आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे मकान की ऊपरी मंजिल पूरी तरह जलकर राख हो गई। राहत की बात यह रही कि घटना में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ।

सुबह करीब नौ बजे मकान से धुआं और आग की लपटें उठती देख ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने के प्रयास शुरू कर दिए। स्थानीय लोगों की तत्परता से आग को निचली मंजिल तक फैलने से रोक लिया गया, लेकिन ऊपरी मंजिल के चार कमरे पूरी तरह नष्ट हो गए।

इस मकान में दौलत राम, बलदेव और कर्म सिंह के परिवार रहते थे। आग की चपेट में आने से घरेलू सामान, फर्नीचर और अन्य जरूरी वस्तुएं जलकर राख हो गईं, जिससे परिवारों को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन सक्रिय हो गया और नुकसान का आकलन करने के लिए राजस्व विभाग की टीम को मौके पर भेजा गया। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। एसडीएम चुराह राजेश जरयाल ने बताया कि प्रभावित परिवारों को नियमानुसार हरसंभव सहायता प्रदान की जाएगी तथा नुकसान का विस्तृत आकलन किया जा रहा है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *