हिमाचल को मिला नया कार्यवाहक मुख्य सचिव, कमलेश कुमार पंत को अतिरिक्त जिम्मेदारी

1 जून: हिमाचल प्रदेश के प्रशासनिक महकमे से जुड़ी एक महत्वपूर्ण खबर सामने आई है। राज्य सरकार ने 1993 बैच के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी कमलेश कुमार पंत को मुख्य सचिव का अतिरिक्त कार्यभार सौंप दिया है। इस संबंध में कार्मिक विभाग द्वारा अधिसूचना जारी कर दी गई है। जनहित में लिए गए इस निर्णय के साथ ही प्रदेश के प्रशासनिक ढांचे में एक अहम बदलाव देखने को मिला है।

कमलेश कुमार पंत प्रदेश के सबसे अनुभवी अधिकारियों में शुमार हैं। वर्तमान में वे अतिरिक्त मुख्य सचिव (राजस्व), वित्तायुक्त (राजस्व), अतिरिक्त मुख्य सचिव (वन, गृह एवं सतर्कता) सहित कई महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। इसके अलावा वे हिमाचल प्रदेश राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अध्यक्ष पद पर भी कार्यरत हैं। अब मुख्य सचिव का अतिरिक्त दायित्व मिलने के साथ उनकी जिम्मेदारियां और बढ़ गई हैं।

राज्यपाल की स्वीकृति के बाद कार्मिक विभाग की सचिव एम. सुधा देवी के हस्ताक्षर से आदेश जारी किए गए हैं। अधिसूचना के अनुसार यह फैसला तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है, जिसके बाद कमलेश कुमार पंत ने राज्य के शीर्ष नौकरशाह के रूप में अतिरिक्त कार्यभार संभाल लिया है।

प्रशासनिक प्रक्रिया के तहत इस नियुक्ति की प्रतिलिपि केंद्र और राज्य सरकार के विभिन्न विभागों व अधिकारियों को भेज दी गई है। इसमें कार्मिक एवं प्रशिक्षण मंत्रालय, मुख्यमंत्री कार्यालय, राज्यपाल सचिवालय, विभिन्न विभागाध्यक्षों, मंडलायुक्तों और उपायुक्तों समेत संबंधित कार्यालय शामिल हैं। सरकार के इस फैसले को प्रशासनिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *