जनगणना 2026 में बढ़-चढ़कर करें सहभागिता, मुख्यमंत्री सुक्खू ने प्रदेशवासियों से की अपील

1 जून: मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने प्रदेशवासियों से जनगणना 2026 में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि निदेशालय जनगणना द्वारा उपलब्ध कराए गए ‘स्वगणना’ विकल्प का अधिक से अधिक उपयोग किया जाए। नागरिक 1 जून से 15 जून 2026 तक स्वगणना पोर्टल पर अपनी जानकारी स्वयं दर्ज कर सकते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनगणना लोकतंत्र और विकास की आधारशिला है, जिसके माध्यम से जनसंख्या, परिवारों की सामाजिक-आर्थिक स्थिति, आवास, संसाधनों तथा नागरिक सुविधाओं से संबंधित महत्वपूर्ण आंकड़े प्राप्त होते हैं। ये आंकड़े सरकार को भविष्य की योजनाएं और नीतियां बनाने में सहायता प्रदान करते हैं।

उन्होंने बताया कि हिमाचल प्रदेश में जनगणना दो चरणों में आयोजित की जाएगी। पहले चरण में 16 जून से 15 जुलाई 2026 तक मकान सूचीकरण और मकान गणना का कार्य होगा, जबकि दूसरे चरण में जनसंख्या की गणना की जाएगी। इस बार पूरी प्रक्रिया डिजिटल मोड में होगी, जिसमें प्रगणक और पर्यवेक्षक मोबाइल एप के माध्यम से जानकारी एकत्र करेंगे।

मुख्यमंत्री ने बताया कि हिमाचल के हिमाच्छादित क्षेत्रों में जनसंख्या गणना का कार्य 11 से 30 सितंबर 2026 तक तथा प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में 9 से 28 फरवरी 2027 तक संपन्न किया जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे जनगणना कर्मचारियों को सही और पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराकर इस राष्ट्रीय महत्व के अभियान को सफल बनाने में सहयोग दें।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *