बर्तन चमकाने के बहाने बुजुर्ग महिला से ठगी, सोने की चूड़ियों से लाखों का सोना उड़ाया

1 जून: कुल्लू जिले के रायसन क्षेत्र में ठगी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। आभूषण और बर्तन चमकाने का झांसा देकर दो अज्ञात शातिरों ने एक बुजुर्ग महिला से लाखों रुपये के सोने की ठगी कर ली। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार 73 वर्षीय महिला के घर दो व्यक्ति पहुंचे और खुद को कैमिकल के माध्यम से सोने-चांदी के आभूषण तथा बर्तन साफ करने वाला बताने लगे। भरोसा जीतने के लिए उन्होंने महिला की चांदी की पायल साफ कर चमका दी।

इसके बाद महिला ने अपनी चार सोने की चूड़ियां भी साफ करवाने के लिए उन्हें दे दीं। आरोपियों ने चूड़ियों पर कैमिकल लगाने के बाद महिला को उन्हें चार घंटे तक फ्रिज में रखने की सलाह दी और वहां से चले गए।

चार घंटे बाद जब महिला ने चूड़ियां बाहर निकालीं तो उनके होश उड़ गए। चूड़ियों का वजन 60 ग्राम से घटकर मात्र 27.90 ग्राम रह गया था। महिला का आरोप है कि आरोपियों ने किसी कैमिकल की मदद से चूड़ियों से करीब 4 लाख रुपये मूल्य का सोना निकाल लिया।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एसपी मदन लाल ने बताया कि आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें गठित की गई हैं तथा मामले की गहन जांच की जा रही है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *