30 मई: हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग हमीरपुर ने अंग्रेजी शिक्षक भर्ती के तहत दस्तावेज़ सत्यापन के लिए 59 और अभ्यर्थियों को अवसर प्रदान किया है। आयोग ने इन अभ्यर्थियों के रोल नंबर अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर जारी कर दिए हैं।
आयोग के सचिव डॉ. विक्रम महाजन ने बताया कि पोस्ट कोड-26002 के अंतर्गत अंग्रेजी शिक्षकों के 312 पदों को भरने के लिए आयोजित कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी) का परिणाम 7 मई को घोषित किया गया था। इसके बाद मेरिट के आधार पर अभ्यर्थियों को दस्तावेज़ सत्यापन के लिए बुलाया गया था। अब रिक्त पदों और अभ्यर्थियों की संख्या को ध्यान में रखते हुए मेरिट सूची के अनुसार 59 और उम्मीदवारों को दस्तावेज़ सत्यापन के लिए आमंत्रित किया गया है।
इन सभी अभ्यर्थियों की दस्तावेज़ सत्यापन प्रक्रिया 3 जून को सुबह 10 बजे आयोग के कार्यालय में आयोजित की जाएगी। विस्तृत कार्यक्रम आयोग की वेबसाइट पर अलग से अपलोड किया जाएगा तथा संबंधित अभ्यर्थियों को उनकी ई-मेल आईडी पर सूचना भेजी जाएगी। आयोग की ओर से अलग से कोई बुलावा पत्र जारी नहीं किया जाएगा।
अभ्यर्थियों को सत्यापन के समय अपने सभी आवश्यक मूल दस्तावेज, उनकी स्वयं सत्यापित (सेल्फ अटेस्टेड) फोटो प्रतियों के दो-दो सेट, आवेदन पत्र की डाउनलोड की गई प्रति तथा पहचान पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा। आयोग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित तिथि पर अनुपस्थित रहने वाले अभ्यर्थियों को दोबारा अवसर नहीं दिया जाएगा।