कुल्लू में दोस्ती की मिसाल: साथी को डूबने से बचाया, खुद नदी के तेज बहाव में बहा युवक

30 मई: कुल्लू जिले की लगवैली घाटी में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। यहां एक 25 वर्षीय युवक ने नदी में डूब रहे अपने दोस्त की जान बचा ली, लेकिन इस दौरान वह खुद तेज बहाव की चपेट में आ गया और उसकी मौत हो गई।

मृतक की पहचान निखिल कुमार (25) पुत्र कमल किशोर, निवासी हवाई (शियाह), तहसील भुंतर, जिला कुल्लू के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि निखिल अपने दोस्तों के साथ शिरढ़ मेले से लौट रहा था। रास्ते में सभी युवक गर्मी से राहत पाने के लिए खलाड़ानाला के पास लगवैली नदी में नहाने उतर गए।

इसी दौरान एक युवक गहरे पानी में फंसकर डूबने लगा। साथी को संकट में देखकर निखिल तुरंत उसकी मदद के लिए नदी में कूद गया। उसने साहस का परिचय देते हुए अपने दोस्त को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन खुद नदी के तेज बहाव में बह गया।

घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों और परियोजना कर्मचारियों ने तुरंत बचाव अभियान शुरू किया। काफी प्रयासों के बाद निखिल को नदी से बाहर निकाला गया और क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

इस घटना के बाद परिवार और गांव में शोक की लहर है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई पूरी कर ली है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। निखिल की बहादुरी और दोस्त के लिए किए गए त्याग की पूरे क्षेत्र में सराहना की जा रही है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *