30 मई ,रवि दत्त भारद्वाज: पंचायती राज चुनावों के तहत जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों की मतगणना को लेकर राजगढ़ प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। मतगणना प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न करवाने के लिए प्रशासन ने विस्तृत पूर्वाभ्यास आयोजित किया, जिसमें मतगणना ड्यूटी में तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को चरणबद्ध प्रशिक्षण दिया गया।
पूर्वाभ्यास की अध्यक्षता निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम राजगढ़ राज कुमार ठाकुर ने की। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि पंचायत चुनाव लोकतंत्र की बुनियाद को मजबूत करने वाले चुनाव हैं, इसलिए मतगणना कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी कर्मचारियों से ईमानदारी, जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ अपने दायित्व निभाने का आग्रह किया।
एसडीएम राज कुमार ठाकुर ने बताया कि जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव मतपत्रों के माध्यम से संपन्न हुए हैं, इसलिए मतगणना प्रक्रिया अत्यंत महत्वपूर्ण और संवेदनशील है। मतों की गिनती सुबह 9 बजे से शुरू होगी। इसके लिए 15 मतगणना टेबल स्थापित किए गए हैं तथा पूरी प्रक्रिया को सफलतापूर्वक संपन्न करवाने के लिए 107 अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।
पूर्वाभ्यास के दौरान कर्मचारियों को मतपेटियों की सील जांचने, मतपत्रों की छंटनी करने, वैध एवं अमान्य मतों की पहचान करने, मतगणना अभिलेख तैयार करने तथा अंतिम परिणाम संकलित करने की प्रक्रिया का विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
एसडीएम राज कुमार ठाकुर ने कहा कि मतगणना प्रक्रिया को पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न करवाने के लिए प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली गई हैं। पूर्वाभ्यास का मुख्य उद्देश्य कर्मचारियों को पूरी प्रक्रिया से भलीभांति अवगत करवाना है, ताकि वास्तविक मतगणना के दौरान किसी प्रकार की त्रुटि या भ्रम की स्थिति उत्पन्न न हो।
इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी कुलदीप ठाकुर, तहसीलदार राजगढ़ राजेंद्र शर्मा, नायब तहसीलदार सुशांत सहित मतगणना कार्य में तैनात सभी अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।