29 मई: पर्यटन नगरी मनाली में गाड़ी की छत पर बैठकर हुड़दंग मचाना राजस्थान से आए सैलानियों को महंगा पड़ गया। मनाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए संबंधित वाहन का 7500 रुपये का चालान काट दिया। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार गुरुवार को मनाली मालरोड के पास कुछ सैलानी वाहन की छत पर बैठकर सफर कर रहे थे और तेज शोर-शराबा कर रहे थे। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने जब उन्हें समझाने का प्रयास किया तो कुछ लोग पुलिसकर्मियों से ही बहस करने लगे। वाहन में कुछ निहंग सिख भी सवार थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मनाली थाना प्रभारी मनीष भी मौके पर पहुंचे। काफी देर तक पुलिस और सैलानियों के बीच बहस होती रही, लेकिन सैलानी अपनी गलती मानने को तैयार नहीं हुए। इसके बाद पुलिस ने मोटर वाहन अधिनियम के तहत 7500 रुपये का चालान किया और दोबारा नियम तोड़ने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी।
डीएसपी मनाली केडी शर्मा ने बताया कि सैलानियों द्वारा गाड़ी की छत पर बैठकर शोर-शराबा किया जा रहा था, जिससे यातायात नियमों का उल्लंघन हो रहा था। उन्होंने कहा कि पर्यटन सीजन के दौरान जगह-जगह पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।