28 मई , कविता शांति गौतम : संत निरंकारी मिशन ब्रांच बरोटीवाला द्वारा 31 मई रविवार को एक भव्य निरंकारी बाल समागम का आयोजन किया जाएगा। यह आध्यात्मिक कार्यक्रम सन सिटी रोड स्थित निमंत्रण पैलेस में आयोजित होगा। समागम को लेकर स्थानीय संगत और बच्चों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है तथा तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं।
यह आयोजन सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज एवं निरंकारी राजपिता रमित जी के पावन आशीर्वाद से जोन 5 ए द्वारा करवाया जा रहा है। ज़ोनल इंचार्ज विवेक कालिया ने जानकारी देते हुए बताया कि समागम सुबह 11 बजे से शुरू होकर दोपहर 2 बजे तक चलेगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाई साहब परमजीत मोमन, अमृतसर (पंजाब) करेंगे।
उन्होंने बताया कि इस विशेष बाल समागम में जोन 5 ए की 27 शाखाओं से सैकड़ों बच्चे भाग लेंगे। बच्चे कविताओं, भजनों, भाषणों और लघु नाटिकाओं के माध्यम से आपसी प्रेम, भाईचारा, बड़ों के सम्मान और मानवीय मूल्यों का संदेश देंगे।
संत निरंकारी मंडल ब्रांच बरोटीवाला की ओर से क्षेत्र के सभी नागरिकों, श्रद्धालुओं और मीडिया कर्मियों को इस आध्यात्मिक समागम में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है। कार्यक्रम के समापन पर गुरु का लंगर भी आयोजित किया जाएगा।
इस अवसर पर राज चौहान (प्रेस एंड पब्लिसिटी), संयोजक गुरमीत सिंह, मुखी सुशील अरोड़ा, संचालक नवीन कुमार और क्षेत्रीय संचालक भजन सिंह सहित अन्य सदस्य भी उपस्थित रहेंगे।