28 मई : हिमाचल प्रदेश में पंचायती राज चुनाव के दूसरे चरण के तहत वीरवार सुबह 7 बजे से मतदान जारी रहा। प्रदेशभर में मतदाताओं में भारी उत्साह देखने को मिला और मतदान केंद्रों पर सुबह से ही लंबी कतारें लगी रहीं। तेज गर्मी के बावजूद लोगों ने लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
मंडी जिले में दोपहर तक 77.45 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। हालांकि जिले के 34 मतदान केंद्रों पर देर शाम तक मतदाताओं की कतारें लगी रहीं। वहीं, जिला हमीरपुर में दोपहर 1 बजे तक 62.46 प्रतिशत मतदान रिकॉर्ड किया गया, जबकि विकास खंड सुजानपुर में इसी समय तक 64.28 प्रतिशत मतदान हुआ।
इस दौरान कई वरिष्ठ मतदाताओं ने भी लोकतंत्र के प्रति अपनी मजबूत आस्था दिखाई। ग्राम पंचायत दीयूदी मायला के वार्ड नंबर-05 स्थित जीपीएस मायला मतदान केंद्र में 107 वर्षीय बुजुर्ग महिला बाला देई ने मतदान कर सभी के लिए प्रेरणा पेश की। उनकी सक्रिय भागीदारी ने अन्य मतदाताओं का भी उत्साह बढ़ाया।
वहीं शिमला संसदीय क्षेत्र से सांसद सुरेश कश्यप भी अपने परिवार के साथ मतदान करने पहुंचे। उन्होंने पच्छाद विकास खंड की बजगा पंचायत के तहत गागल शिकोर मतदान केंद्र में पत्नी रजनी कश्यप, बेटे विपुल कश्यप, पिता चमेल सिंह और माता प्रशनी देवी के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
गौरतलब है कि पहले चरण के चुनावों में भी भीषण गर्मी और लू के बावजूद लोगों ने रिकॉर्ड मतदान किया था। पहले चरण में 1293 पंचायतों और 7729 वार्डों में कुल 78.75 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था।