मंडी में सनसनी: तेंदुए का हमला समझी गई वारदात, महिला ने होश में आकर बताया- इंसान ने खाई में फेंका

28 मई: मंडी जिले के थाची क्षेत्र के गागण जंगल में मंगलवार शाम घायल अवस्था में मिली महिला के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। शुरुआत में ग्रामीणों को लगा कि महिला पर तेंदुए ने हमला किया है, लेकिन होश में आने के बाद महिला ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि उस पर किसी व्यक्ति ने जानलेवा हमला कर उसे खाई में धक्का दिया था।

जानकारी के अनुसार टिकमु देवी अपने मायके गांव गांणण में गेहूं काटने गई थी। शाम करीब 7 बजे वह जंगल के रास्ते घर लौट रही थी, तभी इलाके में बचाओ-बचाओ की आवाजें सुनाई दीं। स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। रास्ते में महिला का दुपट्टा, जूते और खून के निशान मिलने से लोगों ने अंदेशा लगाया कि किसी जंगली जानवर, संभवतः तेंदुए ने हमला किया है।

करीब 2 से 3 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद महिला को गहरी खाई में घायल अवस्था में ढूंढ निकाला गया। ग्रामीणों ने तुरंत एंबुलेंस की मदद से उसे नगवाईं अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे क्षेत्रीय अस्पताल मंडी रेफर कर दिया गया।

इलाज के दौरान होश में आने पर महिला ने बताया कि उस पर किसी व्यक्ति ने हमला किया था और उसे जान से मारने की नीयत से खाई में फेंक दिया गया। महिला के इस बयान के बाद पूरे मामले ने गंभीर रूप ले लिया है।

उधर, पुलिस प्रभारी औट गगन कुमार ने बताया कि शुरुआती सूचना में जंगली जानवर के हमले की बात सामने आई थी, लेकिन अब महिला के नए बयान के आधार पर पुलिस दोबारा बयान दर्ज कर हर पहलू से जांच कर रही है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग उठाई है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *