28 मई: हिमाचल प्रदेश की चंबा जिला जेल में एक विचाराधीन कैदी द्वारा जेल प्रहरियों पर हमला करने का मामला सामने आया है। घटना में दो जेल कर्मी घायल हुए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार 26 मई की रात जेल के वार्ड ए में ड्यूटी के दौरान प्रहरियों को शक हुआ कि एक कैदी शौचालय में मोबाइल फोन का इस्तेमाल कर रहा है। सूचना मिलने के बाद जेल स्टाफ ने संबंधित बैरक में जाकर तलाशी लेने और पूछताछ करने का प्रयास किया।
इसी दौरान विचाराधीन कैदी परमिंदर उर्फ पिंडरी कथित तौर पर भड़क गया और उसने नुकीले चम्मच से वार्डर पर हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे हैड वार्डर पर भी आरोपी ने टूटी हुई बैडमिंटन स्टिक से हमला कर दिया। इस हाथापाई में दोनों जेल कर्मियों को चोटें आईं और उनकी वर्दी भी क्षतिग्रस्त हो गई।
घटना के बाद जेल परिसर में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बन गया। वहीं, एक अन्य कैदी द्वारा भी जेल स्टाफ के साथ अभद्र व्यवहार और धमकी देने की बात सामने आई है।
एसपी चंबा विजय सकलानी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि जेल के अंदर मोबाइल फोन कैसे पहुंचा।