नौसेना में आईटी ऑफिसर बनने का मौका, पहली जून तक करें आवेदन

28 मई: भारतीय नौसेना ने शॉर्ट सर्विस कमीशन (एसएससी) एग्जीक्यूटिव ब्रांच (इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी) भर्ती 2026 के लिए आवेदन मांगे हैं। इस भर्ती के तहत कुल 15 पद भरे जाएंगे, जिनके लिए पुरुष और महिला दोनों उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं। इच्छुक अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से पहली जून तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

इस भर्ती के लिए केवल अविवाहित भारतीय नागरिक ही पात्र होंगे। उम्मीदवार का जन्म पहली जनवरी 2002 से पहली जुलाई 2007 के बीच होना चाहिए। अभ्यर्थी के पास एमएससी, बीई, बीटेक, एमटेक या एमसीए की डिग्री होना जरूरी है, जो आईटी या कंप्यूटर साइंस से संबंधित हो। इसके अलावा 10वीं या 12वीं में अंग्रेजी विषय में कम से कम 60 प्रतिशत अंक होना अनिवार्य है। अंतिम वर्ष के छात्र भी आवेदन कर सकते हैं, लेकिन चयन के समय उन्हें डिग्री पूरी करने का प्रमाण देना होगा।

भर्ती प्रक्रिया में किसी प्रकार की लिखित परीक्षा नहीं होगी। उम्मीदवारों का चयन नॉर्मलाइज्ड अंकों के आधार पर शॉर्टलिस्टिंग, एसएसबी इंटरव्यू और मेडिकल परीक्षण के जरिए किया जाएगा। अंतिम मेरिट सूची एसएसबी इंटरव्यू में प्राप्त अंकों के आधार पर तैयार होगी।

चयनित उम्मीदवारों को सब-लेफ्टिनेंट रैंक पर नियुक्त किया जाएगा। शुरुआती बेसिक सैलरी 56,100 रुपए प्रति माह होगी। इसके अलावा अन्य भत्तों का लाभ भी मिलेगा। चयनित अभ्यर्थियों को जनवरी 2027 से केरल के एझिमाला स्थित इंडियन नेवल अकादमी में प्रशिक्षण दिया जाएगा।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *