28 मई: जिला हमीरपुर में पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव के दूसरे चरण को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। गुरुवार को जिले की 82 ग्राम पंचायतों में सुबह 7 बजे से शाम 3 बजे तक मतदान होगा। मतदान समाप्त होने के बाद पंचायत प्रधान, उपप्रधान और वार्ड सदस्यों के चुनाव परिणाम भी देर शाम तक घोषित कर दिए जाएंगे।
चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए जिले के सभी 466 मतदान केंद्रों पर मतदान दल पहुंच चुके हैं। पीठासीन अधिकारियों और मतदान अधिकारियों ने निर्धारित समय पर मतदान शुरू करवाने के लिए मोर्चा संभाल लिया है। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) गंधर्वा राठौड़ ने बताया कि मतदान प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण बनाने के लिए प्रशासन की ओर से पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि दूसरे चरण में प्रधान और उपप्रधान के कुल 164 पदों के अलावा पंचायत सदस्यों के 466 पदों तथा संबंधित जिला परिषद और बीडीसी वार्डों के लिए भी मतदान कराया जाएगा। नादौन ब्लॉक की 21 पंचायतों में 115 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जबकि बिझड़ी ब्लॉक की 17 पंचायतों में 99 बूथ स्थापित किए गए हैं। इसके अलावा बमसन ब्लॉक की 8 पंचायतों में 42, भोरंज की 15 पंचायतों में 91, हमीरपुर ब्लॉक की 13 पंचायतों में 75 और सुजानपुर की 8 पंचायतों में 44 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।
प्रशासन की ओर से संवेदनशील मतदान केंद्रों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी और सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं ताकि चुनाव प्रक्रिया पूरी तरह शांतिपूर्ण बनी रहे। मतदान का समय सुबह 7 बजे से शाम 3 बजे तक निर्धारित किया गया है।
वहीं पंचायत समिति और जिला परिषद के चुनावों के लिए मतगणना 31 मई को सुबह 9 बजे से सभी ब्लॉक मुख्यालयों में शुरू होगी। चुनाव को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है और मतदाता बढ़-चढ़कर लोकतंत्र के इस पर्व में हिस्सा लेने की तैयारी कर रहे हैं।