बिलासपुर पंचायत चुनाव: आज 1.08 लाख मतदाता चुनेंगे गांव की नई सरकार

28 मई: जिला बिलासपुर में पंचायती राज संस्थाओं के दूसरे चरण के चुनाव को लेकर प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। 28 मई को जिले की 62 ग्राम पंचायतों में मतदान कराया जाएगा, जहां एक लाख आठ हजार 369 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 54 हजार 402 पुरुष और 53 हजार 967 महिला मतदाता शामिल हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त राहुल कुमार ने बताया कि शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है।

दूसरे चरण के लिए जिले में कुल 386 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं। इनमें 271 सामान्य, 77 संवेदनशील और 38 अति संवेदनशील मतदान केंद्र शामिल हैं। वहीं मतगणना के लिए 62 केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 14 संवेदनशील और 17 अति संवेदनशील श्रेणी में रखे गए हैं। सभी संवेदनशील केंद्रों पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं ताकि चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।

प्रशासन ने मतदाताओं से अपील की है कि मतदान के दौरान अपने साथ निर्वाचन आयोग द्वारा जारी पहचान पत्र या अन्य वैध दस्तावेज जैसे आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड अथवा पासपोर्ट अवश्य लेकर आएं। मतदान से पहले मतदाता सूची में अपना नाम और क्रमांक संख्या जांचने की भी सलाह दी गई है।

मतदान सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक होगा। प्रशासन ने लोगों से मतदान केंद्रों पर अनुशासन बनाए रखने और महिला, बुजुर्ग व दिव्यांग मतदाताओं का सहयोग करने की अपील की है। गर्मी को देखते हुए मतदाताओं को पानी और छाता साथ लाने की सलाह भी दी गई है।

उपायुक्त राहुल कुमार ने स्पष्ट किया कि मतदान केंद्र के भीतर मोबाइल फोन या कैमरा ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। बैलेट पेपर की फोटो खींचना और मतदान की गोपनीयता भंग करना दंडनीय अपराध माना जाएगा। साथ ही मतदान केंद्र के 100 मीटर के दायरे में किसी भी प्रकार की चुनाव प्रचार सामग्री, चुनाव चिन्ह, टोपी, गमछा या पर्चे ले जाने पर भी रोक रहेगी।

प्रशासन ने मतदाताओं से निष्पक्ष और निर्भीक होकर मतदान करने की अपील करते हुए कहा है कि किसी भी प्रकार के लालच या दबाव में आकर वोट न डालें तथा केवल निर्धारित चुनाव चिन्ह पर ही मुहर लगाएं।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *