28 मई : मंडी जिला में पंचायत चुनावों के दूसरे चरण के तहत आज 28 मई को 196 पंचायतों में मतदान करवाया जाएगा। मतदान के साथ ही प्रधान, उपप्रधान और वार्ड पंच पदों के लिए मतपत्रों की गिनती कर परिणाम भी घोषित कर दिए जाएंगे। जिला प्रशासन ने चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न करवाने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
चुनाव ड्यूटी पर तैनात पोलिंग पार्टियां मतदान केंद्रों तक पहुंच चुकी हैं, जबकि सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस और होमगार्ड के जवानों को भी तैनात किया गया है। प्रशासन ने मतदान केंद्रों के 100 मीटर दायरे में किसी भी प्रकार के बूथ लगाने और मतदाताओं को प्रभावित करने पर रोक लगाई है।
मंडी के डीसी अर्पूव देवगन ने बताया कि जिले के 14 विकास खंडों की 196 पंचायतों में दूसरे चरण का मतदान कराया जा रहा है। चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए 1124 पोलिंग पार्टियां और 4496 कर्मचारी तैनात किए गए हैं।
जिला परिषद के 36 पदों के लिए 183 प्रत्याशी मैदान में हैं, जबकि पंचायत समिति के 267 पदों के लिए 1027 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं प्रधान पद के लिए 2291, उपप्रधान पद के लिए 2152 और वार्ड पंच पदों के लिए 4662 उम्मीदवारों ने नामांकन किया है।
मंडी जिला की कुल 577 पंचायतों में से 198 पंचायतों में पहले चरण के मतदान के बाद परिणाम घोषित किए जा चुके हैं। अब दूसरे चरण में 196 पंचायतों में मतदान के साथ मतगणना कर नतीजे जारी किए जाएंगे।
दूसरे चरण में बल्ह, बालीचौकी, चौंतड़ा, चुराग, धनोटू, धर्मपुर, द्रंग, गोहर, गोपालपुर, करसोग, मंडी सदर, सराज और सुंदरनगर विकास खंडों की पंचायतों में मतदान करवाया जाएगा। इसके लिए सैकड़ों मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां सुबह से ही मतदान प्रक्रिया शुरू होगी।