लाहौल-स्पीति में भारी लैंडस्लाइड, जाहलमा पुल टूटा; चट्टानों की चपेट में आकर नदी में गिरी थार

27 मई: हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति जिले में बिना बारिश के भी लगातार हो रहे लैंडस्लाइड ने जनजीवन प्रभावित कर दिया है। उदयपुर क्षेत्र में पहाड़ी दरकने से तांदी-संसारी मार्ग पर स्थित जाहलमा पुल क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे कई इलाकों का संपर्क टूट गया है। वहीं मूलिंग क्षेत्र में चट्टानों की चपेट में आने से एक थार वाहन नदी में जा गिरा।

जानकारी के अनुसार जाहलमा क्षेत्र में पिछले तीन दिनों से लगातार पहाड़ी से चट्टानें गिर रही थीं। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने पहले ही सीमित समय के लिए आवाजाही की अनुमति दी थी, लेकिन मंगलवार को भारी भूस्खलन के चलते पुल का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। सड़क पर भी कई जगह दरारें पड़ गई हैं।

मार्ग बंद होने के कारण उदयपुर का संपर्क केलांग और मनाली से प्रभावित हो गया है। अब लोगों को वैकल्पिक मार्ग से लंबा सफर तय करना पड़ सकता है।

वहीं मूलिंग क्षेत्र में रात के समय अचानक हुए लैंडस्लाइड की चपेट में आकर एक थार वाहन नदी में गिर गया। वाहन में केवल चालक मौजूद था, जिसे स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।

स्थानीय लोगों के अनुसार मूलिंग क्षेत्र में अक्सर पहाड़ी दरकने की घटनाएं होती रहती हैं, जिससे हादसों का खतरा बना रहता है।

घटना के बाद विधायक अनुराधा राणा और बीआरओ अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया। प्रशासन ने बताया कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और जल्द वैकल्पिक मार्ग तैयार करने के प्रयास किए जाएंगे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *