27 मई: ऊना जिले के बसाल क्षेत्र में मंगलवार दोपहर भीषण अग्निकांड से हड़कंप मच गया। आग लगने से प्रवासी मजदूरों की 100 से अधिक झुग्गियां जलकर राख हो गईं। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन मजदूरों का भारी नुकसान हुआ है।
जानकारी के अनुसार दोपहर के समय झुग्गियों में अचानक आग भड़क उठी। तेज हवाओं के चलते आग तेजी से फैलती चली गई और देखते ही देखते कई झुग्गियां इसकी चपेट में आ गईं। आग में मजदूरों का घरेलू सामान और आसपास खड़े वाहन भी जल गए।
स्थानीय लोगों और मजदूरों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग की लपटें काफी तेज होने के कारण स्थिति पर काबू पाना मुश्किल हो गया। इसके बाद दमकल विभाग को सूचना दी गई।
फायर ऑफिसर सुरेश कुमार के नेतृत्व में दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया। दमकल कर्मियों की तत्परता से आग को और फैलने से रोक लिया गया।
घटना की सूचना मिलने के बाद प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और नुकसान का आकलन शुरू किया। प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवारों को राहत उपलब्ध करवाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।