27 मई: मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने पंचायत चुनावों के दौरान आयोजित मंत्रिमंडल बैठक को लेकर भाजपा के विरोध पर पलटवार किया है। शिमला में पत्रकारों से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के कार्यकाल में भी चुनाव के दौरान मंत्रिमंडल बैठकों का आयोजन होता रहा है, ऐसे में अब विरोध करना उचित नहीं है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार के काम कभी नहीं रुकते और चुनाव के समय भी जनहित से जुड़े फैसले लिए जाते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा जनता का ध्यान भटकाने के लिए आधारहीन बयानबाजी कर रही है।
उन्होंने बताया कि हाल ही में हुई मंत्रिमंडल बैठक में कई जनहित के निर्णय लिए गए हैं, जिनकी जानकारी चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद साझा की जाएगी। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि राज्य सरकार ने 24 घंटे दुकानें खुली रखने का फैसला लेकर कारोबारियों को इंस्पेक्टरी राज से राहत देने का प्रयास किया है।
राज्यपाल को लेकर पूछे गए सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्यपाल सरकार के लिए सम्माननीय हैं और उनके सुझावों को गंभीरता से लिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने यह भी जानकारी दी कि सरकार ने संजय गुप्ता को नियमित रूप से मुख्य सचिव नियुक्त किया है और अब वह स्थायी रूप से इस पद का कार्यभार संभालेंगे।
पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों पर केंद्र सरकार को घेरते हुए मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि पिछले 11 दिनों में ईंधन के दामों में करीब 7 रुपये की बढ़ोतरी की गई है, जिससे महंगाई लगातार बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने विधवा और अनाथ बच्चों के हित में कानून में संशोधन किया, लेकिन उस पर भाजपा ने विरोध जताया था। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार लगातार पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ाकर आम जनता पर आर्थिक बोझ डाल रही है।