धर्मशाला में आज पहली बार IPL क्वालीफायर-1, विराट कोहली और शुभमन गिल की टक्कर पर टिकी नज़र

26 मई: धर्मशाला का अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम आज आईपीएल इतिहास के एक बड़े मुकाबले का गवाह बनने जा रहा है। पहली बार यहां क्वालीफायर-1 मुकाबला खेला जाएगा, जिसमें रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटंस आमने-सामने होंगी। मैच आज शाम 7 बजे शुरू होगा। इससे पहले धर्मशाला में केवल पंजाब किंग्स के लीग मुकाबले ही आयोजित होते रहे हैं, लेकिन इस बार आईपीएल 2026 की टॉप-दो टीमें मैदान में उतरेंगी। ऐसे में क्रिकेट प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।

सोमवार को दोनों टीमों ने धर्मशाला पहुंचकर मैच से पहले जमकर अभ्यास किया। हिमाचल की वादियों के बीच स्थित इस खूबसूरत मैदान में होने वाले मुकाबले को लेकर देशभर के क्रिकेट फैंस की नजरें टिकी हुई हैं। क्वालीफायर-1 जीतने वाली टीम सीधे 31 मई को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले जाने वाले फाइनल में प्रवेश करेगी।

आरसीबी के लिए इस मुकाबले में विराट कोहली सबसे बड़े मैच विनर साबित हो सकते हैं। धर्मशाला की तेज और उछाल भरी पिच पर उनका अनुभव टीम के काफी काम आ सकता है। विराट इस सीजन शानदार फॉर्म में चल रहे हैं और अब तक 557 रन बना चुके हैं। उनके अलावा देवदत्त पडिक्कल, कप्तान रजत पाटीदार और टिम डेविड ने भी बल्लेबाजी में अहम भूमिका निभाई है। गेंदबाजी में भुवनेश्वर कुमार ने अपनी धारदार गेंदों से विपक्षी बल्लेबाजों को काफी परेशान किया है और इस सीजन 24 विकेट अपने नाम किए हैं।

दूसरी ओर गुजरात टाइटंस भी बेहतरीन लय में दिखाई दे रही है। कप्तान शुभमन गिल की अगुवाई में टीम ने पूरे सीजन लगातार शानदार प्रदर्शन किया है। ऐसे में आज धर्मशाला में दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिल सकती है। क्रिकेट फैंस को विराट कोहली और शुभमन गिल के बीच होने वाली खास भिड़ंत का भी बेसब्री से इंतजार है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *