24 मई: सिरमौर जिले में यमुना नदी से दो बच्चियों के शव मिलने के मामलों की जांच अब विशेष जांच दल (SIT) करेगी। पुलिस अधीक्षक निश्चिंत सिंह नेगी ने बताया कि दोनों मामलों की गहन जांच के लिए डीएसपी रैंक अधिकारी के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया है, जिसमें थाना प्रभारी और साइबर टीम के अधिकारी भी शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार पांवटा साहिब क्षेत्र में बुधवार देर रात 10 वर्षीय बच्ची का शव यमुना नदी से बरामद हुआ था। बच्ची घर से लापता हो गई थी और करीब चार घंटे बाद उसका शव नदी में मिला। पुलिस को एक सीसीटीवी फुटेज भी मिली है, जिसमें बच्ची नदी की ओर जाती दिखाई दे रही है। वहीं एक प्रत्यक्षदर्शी ने दावा किया कि बच्ची मदद के लिए चिल्ला रही थी, लेकिन उसके पहुंचने से पहले वह नदी में डूब चुकी थी।
एसपी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बच्ची के शरीर पर किसी प्रकार की चोट या यौन उत्पीड़न के संकेत नहीं मिले हैं।
वहीं, इससे पहले 19 अप्रैल को लापता हुई 13 वर्षीय बच्ची का शव भी 22 अप्रैल को यमुना नदी से मिला था। पुलिस के अनुसार उस मामले में भी पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच में किसी प्रकार की चोट या उत्पीड़न के संकेत नहीं मिले हैं। विसरा रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक ने लोगों से दोनों मामलों को लेकर अफवाहों पर ध्यान न देने और जांच में सहयोग करने की अपील की है।