24 मई: यूनियन पब्लिक सर्विस कमीशन (UPSC) की सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा-2026 रविवार को दो सत्रों में आयोजित होगी। हिमाचल प्रदेश में शिमला, मंडी और धर्मशाला सहित विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। परीक्षा देने वाले हजारों अभ्यर्थी इन केंद्रों पर शामिल होंगे।
UPSC की ओर से जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार सामान्य अध्ययन पेपर-1 सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक और सीसैट पेपर-2 दोपहर 2:30 बजे से 4:30 बजे तक आयोजित किया जाएगा। अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर एडमिट कार्ड और मूल फोटो पहचान पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा।
आयोग ने उम्मीदवारों को परीक्षा शुरू होने से कम से कम 30 मिनट पहले केंद्र पर पहुंचने की सलाह दी है। परीक्षा केंद्रों में मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। परीक्षा शुरू होने के 10 मिनट बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। वहीं एडमिट कार्ड पर फोटो स्पष्ट न होने की स्थिति में पासपोर्ट साइज फोटो साथ लाने के निर्देश भी दिए गए हैं।