22 मई: चोलथरा में पोलिंग स्टेशन और शहीद कैप्टन दीपक गुलेरिया राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला तक पहुंच मार्ग की समस्या को लेकर प्रशासन अब सक्रिय हो गया है। मामला सामने आने के बाद एसडीएम सरकाघाट राजेंद्र गौतम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए।
स्थानीय लोगों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्कूल प्रशासन ने राष्ट्रीय उच्च मार्ग निर्माण कार्य के कारण प्रभावित हुए रास्ते की समस्या को प्रशासन के समक्ष उठाया। लोगों ने बताया कि खराब मार्ग के चलते बुजुर्ग, दिव्यांग, महिलाएं और बीमार मतदाताओं को पोलिंग स्टेशन तक पहुंचने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने मोर्थ अधिकारियों को निर्देश दिए कि एक दिन के भीतर पोलिंग बूथ तक वैकल्पिक रास्ता तैयार किया जाए। साथ ही स्कूल तक स्थायी सड़क सुविधा बहाल करने के लिए भी जरूरी कदम उठाने को कहा गया।
मौके पर मौजूद मोर्थ के एसडीओ शुभम ने आश्वासन दिया कि डंगा निर्माण के दौरान बने गड्ढों और खतरनाक हिस्सों को प्राथमिकता के आधार पर भरा जाएगा। इसके अलावा स्कूल तक सुरक्षित पहुंच सुनिश्चित करने के लिए रास्ते का निर्माण भी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सड़क बहाली को लेकर तकनीकी पहलुओं का निरीक्षण कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
स्कूल के प्रधानाचार्य कमलेश ठाकुर ने बताया कि विद्यार्थियों और लोगों की सुरक्षा को देखते हुए सुरक्षा दीवार सहित अन्य जरूरी सुविधाओं की मांग भी प्रशासन के समक्ष रखी गई है। प्रशासन की सक्रियता के बाद अब क्षेत्र के लोगों को जल्द समाधान मिलने की उम्मीद जगी है।