धर्मशाला में पहचान छिपाकर नाबालिग को ले जाने का आरोप, युवती अब तक लापता

22 मई : हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के धर्मशाला में एक नाबालिग युवती को कथित तौर पर बहला-फुसलाकर ले जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक ने अपनी पहचान छिपाकर 16 वर्षीय हिंदू किशोरी से संपर्क बनाया और बाद में उसे अपने साथ लेकर फरार हो गया। मामले के सामने आने के बाद विभिन्न हिंदू संगठनों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई और युवती की सुरक्षित बरामदगी की मांग उठाई है।

जानकारी के अनुसार, आरोपी युवक स्थानीय सैलून में काम करता था और उसने कथित तौर पर खुद को “शिवा” नाम से परिचित कराया था। बाद में उसकी पहचान अब्दुल के रूप में सामने आने का दावा किया गया। बताया जा रहा है कि घटना को करीब एक सप्ताह हो चुका है, लेकिन अभी तक युवती का कोई पता नहीं चल पाया है। संगठनों का आरोप है कि परिवार शुरू में दबाव के चलते पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं करवा सका।

मामले को लेकर विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों ने डीसी कार्यालय पहुंचकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा और मामले में त्वरित कार्रवाई की मांग की। साथ ही बाहरी राज्यों से आने वाले लोगों के सत्यापन और किरायेदारों के पंजीकरण व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए गए। संगठनों का कहना है कि कई क्षेत्रों में नियमों का सही तरीके से पालन नहीं हो रहा है।

बजरंग दल के प्रदेश अध्यक्ष नरेंद्र ने कहा कि जिस मकान में आरोपी रह रहा था, उसके मकान मालिक की जिम्मेदारी भी तय होनी चाहिए। उन्होंने बिना सत्यापन किरायेदार रखने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। साथ ही प्रशासन से नाबालिग युवती की सुरक्षित बरामदगी और आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की अपील की गई।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *