22 मई : कांगड़ा में अवैध खनन के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए खनन माफिया पर शिकंजा कस दिया है। जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय धर्मशाला की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक लंबागांव थाना पुलिस ने ब्यास नदी किनारे विशेष गश्त और निगरानी अभियान के दौरान अवैध खनन में इस्तेमाल हो रहे एक टिप्पर और एक जेसीबी मशीन को पकड़ा है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद अवैध खनन करने वालों में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार 21 मई को लंबागांव पुलिस की टीम ब्यास नदी क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने नदी किनारे अवैध खनन गतिविधियां चलते हुए देखीं। मौके पर एक टिप्पर रेत-बजरी से भरा हुआ मिला, जबकि जेसीबी मशीन नदी किनारे खनन कार्य में लगी हुई थी। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए जेसीबी चालक अविनाश कुमार निवासी लुहणा, तहसील बड़ोह और टिप्पर चालक अजय कुमार निवासी जलेट, तहसील जयसिंहपुर से खनन संबंधी वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन दोनों चालक कोई भी अनुमति पत्र या कानूनी दस्तावेज पेश नहीं कर सके।
इसके बाद पुलिस ने हिमाचल प्रदेश लघु खनिज नियमावली 2015 के तहत दोनों वाहनों के चालान काटते हुए उन्हें जब्त कर लिया। पुलिस ने बताया कि आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए वाहनों को अदालत में पेश किया जाएगा।
कांगड़ा पुलिस ने साफ कहा है कि जिले में अवैध खनन, खनिजों के अवैध परिवहन और प्राकृतिक संसाधनों के दोहन के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई गई है। ब्यास नदी सहित संवेदनशील इलाकों में लगातार निगरानी और गश्त जारी रहेगी। साथ ही पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अगर कहीं भी अवैध खनन की गतिविधि दिखाई दे तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।